फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायबरेली में क्वारंटीन सेंटर बदहाल, होटल शिफ्ट किए गये डॉक्टर

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। क्वारंटीन सेंटर के बदहाली की बात आखिरकार प्रशासन को भी स्वीकार करनी पड़ी और इसके बाद सभी मरीजों और मेडिकल स्टाफ को यहां से शिफ्ट करा दिया गया है। अब कोरोना संक्रमित 41 मरीजों को लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बने बटोही रिसॉर्ट में रखा गया है। वहीं इन मरीजों की देखरेख में मेडिकल स्टाफ के लिए रहने की व्यवस्था भुंदल होटल में की गई है।
विज्ञापन

दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी जमात में शामिल होने के बाद लौटे 35 जमातियों समेत 41 लोगों को कोरोना की पुष्टि के बाद बछरावां के क्वारंटीन सेंटर पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय बालिका आश्रम पद्धति स्कूल में रखा गया था।
आरोप है कि यहां बिना कोई इंतजाम किए ही मरीजों को शिफ्ट कर दिया गया था। आधी-अधूरी सुविधाओं की जानकारी मेडिकल स्टाफ ने पहले भी दी थी। इसकी शासन तक पहुंची तो नोडल अफसर को सेंटर का जायजा लेने का निर्देश दिया गया।
विज्ञापन

माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव और जिले की नोडल अधिकारी आराधना शुक्ला ने बृहस्पतिवार को बछरावां पहुंचकर स्कूल में अव्यवस्थाओं को अपनी आंखों से देखा था। चिकित्सीय स्टाफ से भी बात की थी।
सूत्रों का कहना है कि नोडल अधिकारी ने इस निर्णय पर नाराजगी जताई थी। शुक्रवार की सुबह ही डीएम शुभ्रा सक्सेना व अन्य अधिकारियों ने डिडौली स्थिति दोनों होटलों को अधिग्रहीत कर लिया। एएलएस एंबुलेंस से सभी मरीजों को रैन से बटोही रिसॉर्ट में रखने के लिए लाया गया।
वहीं बगल के ही भुंदल होटल में 22 सदस्यीय चिकित्सीय स्टाफ को रहने की व्यवस्था की गई है। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि सभी 41 मरीजों को बटोही रिसॉर्ट में शिफ्ट करा दिया गया है। रिसॉर्ट में इलाज संबंधी सभी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। जिले में अब तक 43 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें दो लोगों को पहले से ही लखनऊ के एक अस्पताल में शिफ्ट कराया गया है। शेष 41 मरीजों को आनन-फानन में रैन के स्कूल में रखा गया था।
बटोही रिसॉर्ट में रखे गए मरीजों को चिकित्सीय सेवाओं का लाभ देने के लिए तीन एएलएस एंबुलेंस तैनात कर दी गई हैं। इसके अलावा चिकित्सीय स्टाफ को लाने व ले जाने के लिए एक 108 एंबुलेंस भी रखी गई हैं।
एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी अंकुर अवस्थी ने बताया कि तीनों एएलएस और एक 108 एंबुलेंस पर कार्य करने वाले ईएमटी अमित दिवाकर, मनोज कुमार, कृष्ण कुमार गुप्ता, नंदकिशोर एवं उन पर कार्य करने वाले पायलट दिनेश कुमार, लालू प्रसाद, राजेश कुमार, नितिन कुमार को ड्यूटी पर लगाया गया है।
शहर में चौकसी बढ़ा दी गई है। शहर के हॉटस्पॉट घोषित किलाबाजार और खाली सहाट के अलावा शहर के अन्य स्थानों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बिना पूछताछ के किसी को भी आने जाने नहीं दिया जा रहा है। जगह-जगह सैनिटाइजेशन व दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।
सब्जी मंडी, नेहरू नगर, विकास भवन, कलेक्ट्रेट, इंदिरा नगर, बस्तेपुर, एकता नगर, अमरेशपुरी कॉलोनी, राना नगर, आवास विकास मोहल्लों में सैनिटाइजेशन का काम किया गया। रेलवे स्टेशन, घंटाघर, डिग्री कॉलेज चौराहा, सुपर मार्केट, अस्पताल चौराहा, जेल रोड, पुलिस लाइन चौराहा जगह पर पास धारकों का ही आवागमन देखने को मिला। एसपी स्वप्निल ममगाई ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध कराए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें