सरेनी(रायबरेली)। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर प्रदर्शन करना लोगों को महंगा पड़ गया है। गेगासों चौकी इंचार्ज की तहरीर पर पुलिस ने 15 लोगों को नामजद करते हुए 50-60 अज्ञात के खिलाफ देर रात संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया। चार दिन पहले गंगा में कूदने वाले युवक की तलाश में प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम की गई थी।
30 जून को लालगंज कस्बे के शांति नगर मोहल्ले के सुमित सोनी ने परिजनों से नाराज होकर गेगासों पुल से गंगा में छलांग लगा दी थी। युवक के गंगा में कूदने की सूचना मिलते ही गेगासों चौकी इंचार्ज मानसिंह, आरक्षी गीत सिंह, संदीप कुमार व दुर्योधन सिंह ने आनन-फानन गोताखोरों को बुलाकर स्टीमर से उसकी तलाश शुरू कराई थी। दोपहर करीब बारह बजे कुछ लोग पुल पर इकट्ठा हुए और युवक की खोज में प्रशासन पर लापरवाही करने का आरोप लगाकर सड़क जाम कर दिया और हंगामा किया था।
जैसे ही चौकी इंचार्ज को जानकारी हुई तो वह पुल पर पहुंचे और लोगों से सड़क से हटने का आग्रह किया तो लोग पुलिस के साथ गाली-गलौज करने लगे। हंगामा करने के कारण सड़क पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया था। मामले में चौकी इंचार्ज की तहरीर पर पुलिस ने दीपेंद्र रस्तोगी, विनोद सोनी, अनुज सोनी, गणेश, बउवा, पन्नू, कुलदीप सोनी, भोला, सौरभ सोनी, शुभम गुप्ता, राज, कल्लू, विनोद कनौजिया, बड़कऊ, लालू, विशुन खेड़ा समेत 50 - 60 पुरुष व 4-5 महिला अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय का कहना है कि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।