इन्हौना (रायबरेली)। अमेठी जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर में एंबुलेंस 102 पर तैनात चालक की गुरुवार की रात पिटाई कर दी गई। मामले में कार्रवाई नहीं होने पर सभी एंबुलेंस चालकों ने काम ठप कर दिया। सभी लोग शिवरतगंज थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। दोपहर बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद एंबुलेंस चालक काम पर लौटे।
सीएचसी सिंहपुर में एंबुलेंस 102 के चालक सतीश मिश्रा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि गुरुवार की रात अहोरवा भवानी चौराहा स्थित अपने कमरे पर आया।
इसी दौरान अहोरवा भवानी निवासी उदय प्रताप सिंह अपने दो-तीन साथियों के साथ लाठी, डंडे से लैस होकर आए और गालियां देते हुए पीटना शुरू कर दिया।
हमलावर शुक्रवार को सुबह भी आए और शिकायत न करने की चेतावनी दी। पीड़ित ने मुकदमा नहीं दर्ज होने पर साथियों को बताया जिस पर 102 और 108 एंबुलेंस के चालक, ईएमटी ने काम ठप कर दिया।
एंबुलेंस चालक संघ के जिलाध्यक्ष सुभाषचंद्र यादव की अगुवाई में शैलेंद्र मिश्रा, उदयभान, रामशंकर, दिनेश, वृंदावन मौर्य, अवधेश भारतीय, राजन, सुशील, देवेंद्र, अभिषेक, धर्मेश थाने पहुंचे। मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
दोपहर बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इस पर सभी लोग काम पर लौटे। एसओ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित सतीश की तहरीर पर अहोरवा भवानी निवासी उदय प्रताप सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।