रायबरेली-सतांव। जिले में गुरुवार को मारपीट और हंगामें के बीच 638 पंचायतों में विकास के लिए समितियों का गठन किया गया। पंचायत भवनों में पहली खुली बैठक को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला।
सचिवों ने बैठक की कार्यवाही को पूरी कराते हुए सभी छह समितियों का गठन करवाया। हालांकि सतांव ब्लॉक के लोहड़ा में पहली ही बैठक में मारपीट और हंगामा हो गया। मामले में प्रधान ने थाने में तहरीर दी है।
सभी ग्राम पंचायतों में छह समितियों के माध्यम से विकास कार्य होता है। इन्हीं समितियों के गठन के लिए गुरुवार को पंचायतों में पहली बैठक हुई। योजना एवं विकास समिति, ग्राम शिक्षा समिति, निर्माण एवं कार्य समिति, स्वच्छता एवं कल्याण समिति, प्रशासनिक समिति और जल प्रबंधन समितियों का गठन किया गया। सतांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत लोहड़ा में लोहड़ा में जैसे ही बैठक की कार्यवाही शुरू हुई, वैसे ही कुछ लोगों ने पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
यहां तक कि मारपीट तक की नौबत आ गई। मामले में प्रधान मनोज कुमार ने थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष गुरुबख्शगंज संतोष कुमारी ने बताया कि प्रधान की तहरीर पर नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उधर, खीरों ब्लॉक के बकुलिहा में 11 सदस्यों के शपथ न होने के कारण समितियों का गठन नहीं हो सका। इसके अलावा कई और गांवों में हंगामें की बीच बैठक की कार्रवाई पूरी हुई।
सलोन ब्लॉक के बराडीह में प्रधान आलोक सिंह की मौजूदगी में समितियों का गठन किया गया। साथ ही गांव में विकास कार्य शुरू कराए जाने पर ही विचार किया गया।
सरेनी प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र की 30 ग्राम पंचायतों में हुई खुली बैठक में समितियों के गठन के साथ ही विकास की रूपरेखा तय की गई है। बीडीओ डॉ. एके त्रिपाठी ने बताया कि ब्लॉक की 30 ग्राम पंचायतों में समितियों का गठन कर लिया गया है।
ग्राम पंचायत का कार्यकाल प्रारंभ हो गया है। हरचंदपुर प्रतिनिधि के अनुसार, 38 पंचायतों में पहली बैठक हुई। समितियों के गठन के साथ ही विकास कार्यों पर चर्चा की गई।
बीडीओ राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि समितियों के गठन के साथ ही गांवों में पंचायतों का काम शुरू हो गया है। राही प्रतिनिधि के अनुसार, ग्राम पंचायतों में खुली बैठक में समितियों का गठन किया गया। रघुनाथपुर कटैली, भखरवारा, आंटी नौगवा आदि ग्राम पंचायतों में खुली बैठक कराई गई।
परशदेपुर प्रतिनिधि के अनुसार, छतोह ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में गुरुवार को पहली खुली बैठक में समितियों का गठन करने के साथ ही विकास की योजनाओं पर चर्चा की गई। नाली, खंडजा, पेयजल के लिए हैंडपंप आदि की मांग ग्रामीणों ने की।
मेदापुर, चंदाबाहीपुर, नसीराबाद, बेवल, छतोह, असरफपुर, आलमपुर, कोडऱा, सराय, बारा, परैया नमकसार, कुंवरमऊ आदि गांवों में बैठकें हुईं। बछरावां प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र की 35 ग्राम पंचायतों में गुरुवार को खुली बैठक हुई। सेहगों प्रधान दीपक कुमार ने समितियों के गठन के साथ ही विकास कार्यों पर चर्चा की।
बैठक में नहीं आए 11 सदस्य, डेट टली
ऊंचाहार। ब्लॉक की अरखा ग्राम पंचायत की बैठक में 11 सदस्य नदारद रहे, जिससे पंचायत का निर्धारित कोरम पूरा नही हुआ। कोरम पूरा न होने से बैठक नहीं हुई। ऐसी स्थिति में समितियों का गठन नहीं हो सका।
ग्राम पंचायत 15 सदस्य हैं। बैठक में 11 सदस्य नहीं आए। बीडीओ विजयंत कुमार सिंह ने बताया कि सदस्य क्यूं नही पहुंचे इसकी जानकारी नहीं है। बैठक की अगली तिथि तय कर समितियों का गठन कराया जाएगा। अन्य ग्राम पंचायतों में बैठक में समितियों का गठन किया गया है।