सलोन (रायबरेली)। मजदूरी बढ़ाए जाने की मांग को लेकर कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाले श्रमिकों ने बुधवार को कामकाज ठप कर दिया। सभी एक साथ सलोन कृषि मंडी के समीप पहुंचकर प्रदर्शन किया और कोल्ड स्टोरेज संचालकों पर मनमानी का आरोप लगाया।
सभी ने कहा कि महंगाई बढ़ती जा रही है। उनका दुख दर्द सुनने वाला कोई नहीं है। आलू को उतारने और लादने का भाड़ा प्रति बोरी चार के बजाय पांच से छह रुपये दिया जाए। एसडीएम सलोन ने पहुंचकर सभी को न सिर्फ शांत किया, बल्कि कोल्ड स्टोरेज संचालकों से बैठक करके उनसे श्रमिकों की मांग पूरा करने के निर्देश दिए।
सलोन क्षेत्र मेें 18 कोल्ड स्टोरेज हैं। बुधवार को कोल्ड स्टोरेज के एक सैकड़ों श्रमिकों ने मजदूरी चार रुपये से पांच-छह रुपये करने की मांग को लेकर सलोन-प्रतापगढ़ मार्ग स्थित नवीन कृषि मंडी के समीप विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उपजिलाधिकारी दिव्या ओझा मौके पर पहुंचकर सभी से सड़क किनारे खड़े होने का आग्रह करने लगी। इसके बाद उनसे उनकी मांगों को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन की शिकायतें सुनी। सीओ इंद्रपाल सिंह और कोतवाल पंकज त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने श्रमिकों की मांगों को पूरा कराने का भरोसा दिया।
कोल्ड स्टोर श्रमिक अखिलेश कुमार, महेश, अशोक, अरविंद और छत्रपाल ने बताया कि विगत पांच वर्षों से उन्हें सिर्फ चार रुपये मजदूरी मिल रही है। कोल्ड स्टोर के मालिक उनमें परिश्रम के हिसाब से पैसे नहीं दे रहे हैं। उन्हें उनके मुताबिक पारिश्रमिक पांच से छह रुपये प्रति बोरी आलू उतारने का मेहनताना चाहिए। उपजिलाधिकारी ने श्रमिकों की मांगों पर तुरंत कोल्ड स्टोर मालिकों की बैठक तहसील सभागार में की।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि कोल्ड स्टोर मालिक मजदूरों से वार्ता कर ले, जिससे दोबारा ऐसी नौबत न आए। कोल्ड स्टोर मालिकों ने उच्चाधिकारियों के आदेश को मानते हुए मजदूरों से बैठकर बात करने की बात कही। इस मौके पर चंद्रशेखर रस्तोगी, रामसजीवन यादव, जय तलरेजा, अनिल सिंह, राहुल रस्तोगी, अशोक रस्तोगी, निरंकार रस्तोगी, वेद रस्तोगी मौजूद रहे।