महराजगंज (रायबरेली)। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने किसानों से जुड़ी 41 सूत्री मांगों को लेकर महराजगंज ब्लॉक मुख्यालय पर बृहस्पतिवार से दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू किया। जिलाध्यक्ष राम सुमिरन यादव एवं जिला महामंत्री शशि कुमार यादव की अगुवाई में शुरू हुए धरने में फैसला हुआ कि अगर शुक्रवार तक कोई अधिकारी धरनास्थल नहीं आया तो मुख्यमंत्री आवास की ओर पैदल रवाना होंगे।
अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों की छोटी-छोटी समस्याओं का निराकरण नहीं होता है। डीह परशदेपुर नहर से दौतरा रजबहा 1977 में निकाला गया था, लेकिन इस नहर के निर्माण में जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित हुई थी उन्हें आज तक मुआवजा नहीं मिला।
छुट्टा मवेशियों से किसानों को काफी परेशानी हो रही है, लेकिन समस्या दूर नहीं की जा रही है। पहरेमऊ, ओया, पहरावां, खैराना, अशरफाबाद, चंदापुर, जनई, ज्योना, टीसाखानापुर, कैर, कुसुढ़ी सागरपुर में पशु आश्रय स्थल बनवाने समेत कई और मांगे भी की।
चेतावनी दी कि शुक्रवार तक कोई अधिकारी नहीं आया तो पैदल मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना होंगे। इस मौके पर श्यामलाल यादव, संत प्रसाद यादव, रामकरन, मो. इसरार हुसैन, इंद्रपाल सिंह, धर्मेंश मौर्या, प्रदीप, शिवबालक पाल, जगमोहन, जयकरन व राजकमल आदि मौजूद रहे।