शिवगढ़ (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के बदावर कसना वाया दरियावगंज संपर्क मार्ग खस्ताहाल हो गया है। इस मार्ग पर आए दिन लोग गिरकर चुटहिल जाते हैं। बिना बारिश के मार्ग पर पानी भरा हुआ है। इससे आने-जाने में लोगों को परेशानी होती है। शनिवार को खफा ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। सभी ने कहा कि कई बार मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
यह मार्ग कसना, जुगराजपुर, ऐमापुर, दरियावगंज समेत करीब 10 गांवों को जोड़ता है। करीब 15 परिषदीय विद्यालय इसी मार्ग पर स्थित हैं। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग सड़क की बदहाली से अनजान है। अब तक बदहाल मार्ग पर कई लोग घायल हो चुके हैं। खस्ताहाल मार्ग की मरम्मत नहीं कराए जाने से ग्रामीणों और छात्रों ने पीडब्ल्यूडी मुर्दाबाद के नारे लगाए।
पूर्व प्रधान कसाना रामकिशोर मौर्या की अगुवाई में संजू द्विवेदी, रामकरण, देवनारायण, राजवीर सिंह, गजाधर, रामअवतार, शिवकुमार, दीपू, रामहर्ष, कमलेश शर्मा, जगत नारायण विश्वकर्मा ने कहा कि मार्ग धंस गया है। डामर और गिट्टियां तक गायब हो गई है। इस वजह से एक सप्ताह पूर्व सोनू, देवतादीन, राजाराम, भोलेंद्र, शिवकुमार, मोलहे घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि 15 दिन के अंदर सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ, आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे। उधर, लोक निर्माण प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता डीके कुरील ने बताया कि मार्ग खराब होने के विषय में जानकारी नहीं है। जांच कराई जाएगी। यदि हमारे में खंड की सड़क है तो मरम्मत कराई जाएगी।