नसीराबाद। नगर पंचायत नसीराबाद में पानी की आपूर्ति के लिए मिनी नलकूपों को कनेक्शन देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। पावर कॉर्पोरेशन ने नगर पंचायत को नौ लाख 28 हजार रुपये का एस्टीमेट भेजा है, जबकि कनेक्शन के लिए पावर कॉर्पोरेशन को छह माह पहले पत्र लिखा गया था। बिजली कनेक्शन न मिलने से क्षेत्र में हो रहे पेयजल संकट की समस्या को अमर उजाला ने 11 सितंबर के अंक में प्रमुखता से उजागर किया था। इसके बाद चेते पावर कॉर्पोरेशन के अभियंता ने 13 सितंबर को एस्टीमेट बनाकर नगर पंचायत को भेजा है।
शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए वार्ड नंबर एक मोहल्ला लाला बाजार, वार्ड नंबर छह के मोहल्ला शिवनगर, वार्ड नंबर 10 के मोहल्ला सर्वधर्म नगर में मिनी नलकूप लगाए गए हैं। इनके संचालन के लिए बिजली कनेक्शन की जरूरत है। नगर पंचायत की ओर से कनेक्शन दिए जाने के लिए छह माह पहले पत्राचार किए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इस कारण क्षेत्र की करीब 10 हजार की आबादी को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है।
नगर पंचायत के चेयरमैन मोहम्मद अली उर्फ फाकिर ने बताया कि वार्ड नंबर दो डेला मोहल्ले में बड़ा टंकी बनाई गई है। यहां पर 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर कनेक्शन की जरूरत है। तीन मिनी नलकूपों का एस्टीमेट तो मिल गया, लेकिन बड़ी टंकी का अब तक नहीं मिला है। इससे बड़ी टंकी से पानी की आपूर्ति शुरू होने में समय लग सकता है। दिए गए एस्टीमेट के रुपये जल्द जमा कराने की प्रक्रिया को पूरा कराया जाएगा।