रायबरेली। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के प्रमुख सचिव व जिले के नोडल अधिकारी सुभाष चंद्र शर्मा शनिवार को दो दिवसीय भ्रमण पर रायबरेली पहुंचे। उन्होंने एम्स में निर्माणाधीन 100 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक के काम की गुणवत्ता को परखने के साथ ही बचत भवन में अपराध व विकास कार्याें की समीक्षा की।
इसके बाद उन्होंने राणा बेनी माधव की स्मृति में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम एवं पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी विभागों को समय से निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए निर्देशित किया। एम्स में बन रहे क्रिटिकल ब्लॉक के काम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मौके पर इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता को भी परखा। कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को चेताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। गड़बड़ी मिलने पर सीधे दंडात्मक कार्रवाई तय होगी।
इसके बाद बचत भवन सभागार हुई बैठक में प्रमुख सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के लिए बनने वाली सूची में सभी पात्रों को शामिल करने के साथ ही किसान सम्मान निधि का लाभ भी शत प्रतिशत किसानों को दिलाया जाए। ठंड को देखते हुए उन्होंने गो-आश्रय स्थलों पर गोवंश को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित कराने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष के तीन माह बचे है। ऐसे में संबंधित विभाग अपने वार्षिक लक्ष्य को समय से पूर्ण कराएं।
साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने का कार्य भी प्राथमिकता पर किया जाए। बैठक में डीएम हर्षिता माथुर, एसपी डॉ. यशवीर सिंह, सीडीओ अंजुलता, सीएमओ डॉ. नवीन चंद्रा, एडीएम अमृता सिंह, एडीएम विशाल यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।