रायबरेली। बिना सूचना के सलोन के सूची उपकेंद्र की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) 18 दिन से गैरहाजिर हैं। मंगलवार को सीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला ने सूची उपकेंद्र और सलोन सीएचसी का निरीक्षण किया तो लापरवाही सामने आई। उन्होंने सीएचओ के खिलाफ कार्रवाई के आदेश देते हुए सीएचसी अधीक्षक से रिपोर्ट तलब की। संविदा समाप्त करने की कार्रवाई भी हो सकती है।
सीएमओ के निरीक्षण में सूची उपकेंद्र बंद मिला। यहां तैनात सीएचओ गीता यादव 26 सितंबर से बिना छुट्टी लिए और बिना सूचना के अनुपस्थित मिलीं। सीएमओ ने उन्हें फोन मिलाया, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाई। इसके बाद सीएचसी अधीक्षक से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई।
सीएमओ ने बताया कि बिना सूचना गैरहाजिर संविदा कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुछ संविदाकर्मी काम ठप कर लखनऊ में आयोजित धरने में शामिल होने चले गए हैं। ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने सलोन सीएचसी के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।