रायबरेली। होली पर यात्रियों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए रायबरेली डिपो ने तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली रूट पर 40 बसें चलाने की तैयारी है। सामान्य दिनों में इस रूट पर 16 बसों का संचालन हो रहा है। ग्रामीण रूटों की बसों को दिल्ली तक चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, फतेहपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज सहित अन्य रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को आवागमन में समस्याओं का सामना न करना पड़े।
चार मार्च को होली है। इसके लिए डिपो के स्तर से बसों के संचालन की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र के रूटों जिले के लोकल रूटों डलमऊ, शिवगढ़, सरेनी, जायस, तिलोई, बिसुनपुर, रालपुर, लालगंज, मधुकरपुर सहित अन्य रूटों पर बसों का संचालन पहले की तरह होगा, जिससे यात्रियों को घर पहुंचने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
सभी चालकों-परिचालकों की छुट्टियों को निरस्त की गई हैं। इस बार ग्रामीण रूट की बसों को दिल्ली तक संचालित कराने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा प्रयागराज, सुल्तानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, काठगोदाम, हरिद्वार, बलिया, बनारस आदि मार्गों पर बसों के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
होली पर अच्छा काम करने वाले चालकों व परिचालकों को प्रोत्साहन राशि देने की व्यवस्था की गई है। कर्मचारियों को बेहतर काम करके यात्रियों को अच्छी सुविधा देने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर दिल्ली से ज्यादा लोग घरों आते हैं। इस कारण डिपो से दिल्ली रूट पर सबसे ज्यादा बसें चलाने का निर्णय लिया है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दिनेशचंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि इस बार होली पर ग्रामीण रूटों पर संचालित सभी बसों को दिल्ली तक चलाने का निर्णय लिया गया है। पहले से दिल्ली रूट पर चल रहीं बसें नियमित समय पर चलेंगी। इस बार दिल्ली रूट पर 40 से अधिक बसों का संचालन कराने की तैयारी है।