रायबरेली। दीपावली की अभी छुट्टियां खत्म नहीं हुई है। इसीलिए दूसरे राज्यों या बड़े शहरों से त्योहार मनाने आए लोगों के लौटने का सिलसिला अभी शुरू नहीं हुआ है। इसी कारण रेलवे स्टेशनों पर सन्नाटा रहा। ट्रेनों में भी सीटें खाली रहीं। आम दिनों से कम यात्री रहे। माना जा रहा है कि शुक्रवार से भीड़ का सिलसिला शुरू होगा और अगले एक हफ्ते तक चलता रहेगा। दिल्ली, मुंबई, पंजाब की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ दिखेगी।
भीड़ न होने के कारण ज्यादातर ट्रेनों की समय सारिणी भी दुरुस्त रही। कुछ ट्रेनों ने काफी इंतजार कराया। बुधवार को लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर सवा तीन घंटे विलंब से आई। लखनऊ से ही यह ट्रेन देर से चलाई गई। लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस भी पौने दो घंटे देर से आई, क्योंकि यह गाड़ी भी लखनऊ से विलंब से रवाना की गई थी।
भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस ने डेढ़ घंटे इंतजार कराया। रायबरेली-कानपुर पैसेंजर को दरियापुर स्टेशन पर दूसरी ट्रेनें पास कराने के लिए देर तक रोका गया, जिससे यह ट्रेन अगले स्टेशनों पर देर से पहुंची। मंगलवार को देर रात बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस ढाई घंटे और वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे विलंब से पहुंची।
ट्रैफिक ब्लॉक से ट्रेनें प्रभावित
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन बुधवार की दोपहर इसलिए प्रभावित रहा, क्योंकि रेलवे ट्रैक पर काम की वजह से ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। इससे ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर देर तक रोका गया तो उनकी लेटलतीफी बढ़ गई। सबसे ज्यादा पौन घंटे तक लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस रायबरेली स्टेशन पर खड़ी रही। यह ट्रेन समय से आई, लेकिन देर तक रुकने के कारण लेट हो गई। अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल और नई दिल्ली-धनबाद स्पेशल को लगभग 15-15 मिनट रायबरेली में रोका गया।
पंजाब मेल पहले से 15 मिनट लेट थी तो स्पेशल ट्रेन सवा दो घंटे देर से आई थी। यशवंतपुर-लखनऊ एक्सप्रेस को अमेठी के जायस में करीब आधे घंटे रोका। यह ट्रेन समय से चल रही थी, लेकिन रास्ते में देर तक रुकने के कारण विलंब से आई। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि अमेठी के फुरसतगंज के पास रेलवे ट्रैक पर काम चल रहा है, जिससे ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया था। इसी कारण कुछ ट्रेनें देर तक रुकी रहीं।
वाराणसी और चंडीगढ़ के बीच चलेगी स्पेशल
रायबरेली। त्योहार के बाद वापस जाने वाले यात्रियों की भीड़ काफी अधिक रहेगी। इसीलिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। वाराणसी और चंडीगढ़ के बीच दोनों दिशाओं से यह स्पेशल ट्रेन एक बार दौड़ाई जाएगी, ताकि इस रूट के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि वाराणसी से यह स्पेशल ट्रेन 25 अक्तूबर को और चंडीगढ़ से 26 अक्तूबर को दौड़ाई जाएगी। रास्ते में यह ट्रेन प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, यमुना नगर, अंबाला कैंट स्टेशन पर रुकेगी। इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी समेत कुल 22 कोच होंगे। त्योहारों को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन को चलाने का फैसला लिया गया। इसके अलावा कई अन्य रूटों पर पहले से स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं, जो नवंबर के प्रथम सप्ताह तक चलेंगी। (संवाद)