शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में टहलते यात्री।
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी कम नहीं हो रही है। स्पेशल ट्रेनों के साथ ही कई महत्वपूर्ण ट्रेनें काफी विलंब से पहुंची, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। रविवार को लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन साढ़े चार घंटे देर से आई।
धनबाद से नई दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेन लगभग डेढ़ घंटे, सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस सवा घंटे, अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल एक घंटे, दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस, आनंद विहार से पुरी जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस, बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस पौन घंटे विलंब से आई। लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस व प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस आधे घंटे देर से आई। प्रयागराज से गोरखपुर लौटने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस ने 15 मिनट इंतजार कराया।
शनिवार की रात बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस ढाई घंटे, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर दो घंटे, कानपुर-रायबरेली पैसेंजर डेढ़ घंटे विलंब से पहुंची। नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रस व कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस ने सवा घंटे और वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस व प्रतापगढ़-दिल्ली पद्मावत एक्सप्रेस ने पौन घंटे इंतजार कराया। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सभी ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से आई हैं।