रायबरेली। सीएचसी ऊंचाहार में प्रसव के बाद नवजात की मौत हो गई। पीड़ित ने एंबुलेंस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि यदि समय से एंबुलेंस आ जाती, तो नवजात की जान बच जाती।
सादे की बाजार मजरे अरखा निवासी शिवमिलन ने बताया कि रविवार को उसने पत्नी सविता को प्रसव के लिए सीएचसी में भर्ती कराया था। दोपहर बाद प्रसव के दौरान पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। कुछ देर बाद नवजात की हालत गंभीर हो गई। अस्पताल स्टाफ ने ऑक्सीजन की सुविधा न होने की बात कहकर जिला अस्पताल ले जाने की बात कही।
पीड़ित का आरोप है कि सूचना के डेढ़ घंटे बाद एंबुलेंस सीएचसी पहुंची। तब तक नवजात की मौत हो गई। पीड़ित ने एंबुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीएचसी अधीक्षक डाॅ. मनोज शुक्ल ने बताया कि एंबुलेंस समय से न पहुंचने की जानकारी मिली है। कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।