जायस (रायबरेली)। अमेठी जिले की नगर पालिका परिषद जायस के नागरिकों को भरपूर बिजली दिलाने की कवायद तेज हो गई है। उम्मीद है कि फरवरी से अधूरे पड़े हटवा विद्युत उपकेंद्र का निर्माण शुरू हो जाएगा।
बृहस्पतिवार को सेकेंड्री वर्क डिवीजन फैजाबाद और स्थानीय अभियंता हटवा विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और ट्रांसफार्मरों की जांच की। इस विद्युत उपकेंद्र का निर्माण छह साल पहले कराया गया है। इसका मकसद नगरवासियों को भरपूर बिजली दिलाना है, लेकिन कार्यदायी एजेंसी काम अधूरा छोड़कर भाग गई।
इस समस्या को ‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अभियंताओं की नींद टूटी और काम में तेजी दिखाते हुए एक बार फिर अधूरे कार्य को पूरा कराने की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
निरीक्षण करने आए सेकेंड्री वर्क के एक्सईएन शैलेश कुमार, एसडीओ एसएन सिंह, तिलोई एक्सईएन प्रदीप कुमार गौतम, एसडीएम संजीव पटेल व जेई सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। उपकेंद्र के अंदर लगे पैनल को खोलकर देखा।
इसके बाद यार्ड में लगे पांच-पांच एमबीए के ट्रांसफार्मरों को देखा। अभियंताओं ने स्थानीय जेई सुरेश कुमार को निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मरों और पैनलों की तकनीकी जांच करा लें, जिससे आपूर्ति शुरू होने पर कोई परेशानी न आए। सेकेंड्री वर्क के एक्सईएन ने कहा कि उपकेंद्र को गौरीगंज ट्रांसमिशन से जोड़ने के लिए 33 केवी लाइन का निर्माण अधूरा है। उसे पूरा कराने के लिए काम शुरू करा दिया गया है। जल्द ही यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
चार फीडरों से जुड़ेगा नगर पालिका जायस
नगर पालिका परिषद को जोड़ने के लिए नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र हटवा से चार फीडर बनाए जाएंगे। ताकि एक फीडर में कोई दिक्कत हो तो दूसरे से विद्युत उपकेंद्र सुचारु बना रहे। इसके लिए चार फीडर बनाए जाएंगे। 33 केवी लाइन का निर्माण पूरा होने के साथ ही फीडरों की लाइन का काम शुरू कराया जाए। एक्सईएन प्रदीप कुमार गौतम ने बताया कि 12 फरवरी तक उपकेंद्र को चालू कराने की तैयारी चल रही है। इस उपकेंद्र का संचालन शुरू होने से नगर वासियों को बिजली की समस्या से राहत मिल जाएगी।