रायबरेली। सलोन विधानसभा में मतदान सकुशल निपट जाने के बाद देर रात तक सभी पोलिंग पार्टियां जिला मुख्यालय पहुंच गईं। कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम को आईटीआई गोरा बाजार में रखवा दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव का कहना है कि कड़ी सुरक्षा में ईवीएम रखी गईं हैं। अब एक साथ 10 मार्च को मतगणना होगी।
जिले की पांच सीटों सदर, हरचंदपुर, बछरावां, सरेनी और ऊंचाहार में 23 फरवरी को मतदान हुआ था, जबकि 27 फरवरी को सलोन विधानसभा सीट के लिए वोट डाले गए।
रविवार को सलोन सीट पर हुए मतदान के बाद एक-एक करके पोलिंग पार्टियां आईटीआई गोरा बाजार पहुंचीं। देर रात तक सभी पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। एएसपी ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम को स्ट्रांग रूम में रखवाया गया है।