रायबरेली। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की तिथि की घोषणा भले ही अभी न हुई हो, लेकिन अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के लिए अभी से ही घमासान तेज हो गया है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें दावा किया जा रहा है कि एक गांव में सभा के दौरान हरचंदपुर सीट से कांग्रेस के बागी विधायक राकेश सिंह लोगों को अध्यक्ष पद के लिए होने वाली खरीद-फरोख्त समझा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। यह वायरल वीडियो पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में विधायक राकेश सिंह लोगों से कह रहे हैं कि एक मिनट आप हमारी बात सुन लो, उसके बाद हम आपकी बात सुनेंगे। दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो में विधायक ने कहा कि सतीश को अगर आप जितवाते तो वह हमें फ्री में वोट देता।
लेकिन आप लोगों ने दिनेश को हमसे विरोध करके जितवा दिया। उन्होंने क्या किया। पूर्व विधायक रामनरेश यादव के घर पर एक बोरिया रुपया लेकर उसने वोट हमी को दिया। उससे आप लोगों को कुछ मिला।
ये तो सौभाग्य कहो, हम लोग इसी ब्लॉक के रहने वाले थे। इसी क्षेत्र के रहने वाले थे। इसलिए जिला पंचायत से काम हो गया। वायरल वीडियो में वह बोलते दिख रहे हैं कि जैसे हम लोग जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ते हैं और सलोन तहसील का कोई जिला पंचायत सदस्य हमसे पैसा लेकर वोट देता है तो उसके क्षेत्र में कुछ काम होता है पांच साल। नहीं होता न।
उसी प्रकार इनके क्षेत्र में भी न होता। लेकिन यहां काम इसलिए हुआ कि मैं यहां से विधायक हूं। हमारा ब्लॉक प्रमुख है। बड़े भाई एमएलसी हैं और इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसीलिए यहां जिला पंचायत से काम दिखाई पड़ रहा है।
वीडियो वायरल होने से जाहिर है कि जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर किस हद तक खरीद-फरोख्त होती है। पंचायत चुनाव के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पद के लिए चुनाव होने हैं।
इन चुनावों के पहले से ही जिले की सियासत गर्म चल रही है। अब कांग्रेस के बागी विधायक का वीडियो वायरल होने के बाद जिले की सियासत एक बार फिर गर्म हो गई है। इस वीडियो से यह भी जाहिर हो गया है कि जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतने के लिए संभावित उम्मीदवार पानी की तरह पैसा बहा रहे हैं।
न हमारी आवाज न चेहरा, सब साजिश : राकेश
हरचंदपुर विधायक राकेश सिंह का कहना है कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें न तो मेरी आवाज है और न ही मेरा चेहरा है। यह सब साजिश है। चुनाव शुरू हो गया है। अब इस तरह से वीडियो वायरल होते ही रहेंगे। हम लोगों का काम क्षेत्र का विकास कराना है। यह कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रहा है। इस तरह की साजिश काम नहीं आएगी।