रायबरेली। सदर कोतवाली पुलिस ने सोमवार रात चोरी की साजिश रच रहे तीन युवकों को दबोच लिया। इनके पास से चोरी की बाइक बरामद की गई। सदर कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि रात में मुखबिर से सूचना मिली कि मनिका रोड के पास तीन युवक चोरी की साजिश रच रहे हैं।
सूचना पर इंदिरा नगर चौकी इंचार्ज निखलेश कुुमार ने टीम के साथ छापा मारकर तीन युवकों को दबोच लिया। इनकी पहचान अमेठी जिले के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के गौहनियां निवासी मोहित, पूरे विसनेन निवासी सोनू उर्फ अमरेश कुमार, जायस कोतवाली क्षेत्र के मुर्गीहापुर निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। तीनों के पास से चोरी की एक बाइक बरामद हुई है। साथ ही 460 रुपये की नकदी और छह बाइकों की चाभी मिली हैं।