रायबरेली। बैंक अधिकारी जय प्रकाश पाल की हत्या के मुख्य आरोपी नगीना सिंह को जल्द ही पुलिस रिमांड पर लेगी। इनामी अपराधी को रिमांड पर लेने के लिए पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस सात दिन की रिमांड चाह रही है हालांकि यह कोर्ट को तय करना है कि उसे कितने दिनों की रिमांड पर मिलेगी। पुलिस रिमांड पर लेकर नगीना से जानने का प्रयास करेगी कि उसका और बैंक अफसर के बीच कितने रुपयों के लेनदेन का विवाद था।
11 जनवरी की रात कानपुर जिले के चकेरी थाना क्षेत्र के भवानी नगर देहली सुजानपुर गांव निवासी बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा डीह में तैनात सहायक प्रबंधक जय प्रकाश पाल की मिल एरिया थाना क्षेत्र के सारस होटल के पीछे हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में पुलिस ने मिल एरिया थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलोनी निवासी आकाश सिंह उर्फ सनी सिंह और सलोन कोतवाली क्षेत्र के दरसवां गांव निवासी दयाराम पासी को गिरफ्तार करके जेल भेजा था, जबकि घटना का मुख्य साजिशकर्ता शहर के सम्राट नगर निवासी नगीना सिंह फरार हो गया था।
पुलिस ने दावा किया था कि पैसों के लेनदेन के विवाद में नगीना सिंह ने शूटरों से बैंक अफसर की हत्या कराई थी। एसपी ने नगीना सिंह की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था। हालांकि नगीना सिंह ने पुलिस को चकमा देकर तीन फरवरी को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।
मिल एरिया थानेदार विनय कुमार सिंह का कहना है कि नगीना सिंह को रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी गई है। नगीना को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि बैंक अधिकारी की हत्या के पूरे घटनाक्रम की सच्चाई और सामने आ सके।