रायबरेली। महाराजगंज में शिप्रा ज्वैलर्स शॉप के मालिक को धमकी दिए जाने के मामले की पड़ताल में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी टीम को भी लगा दिया गया है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है। धमकी मिलने के बाद से सराफा व्यवसायी और उसका परिवार दहशत में है।
महराजगंज कस्बा स्थित शिप्रा ज्वैलर्स शॉप के मालिक अरुण सोनी को फोन कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांग गई थी। धमकी देने वाले ने खुद को लखनऊ जेल में बंद वांटेड राजू भारती बताया था।
काफी देर तक धमकाने के बाद हर हाल में रुपये देने की धमकी दी। ऐसा न करने पर जान से मारने की तक की धमकी दी गई है। धमकी भरा ऑडियो वायरल होने के बाद मामले में महराजगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि सराफ को धमकी देेने वाले आरोपी के नाम पते की जानकारी कराई जा रही है। स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। अब तक की जांच में मामले से जुड़े कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द मामले का खुलासा करके आरोपी को जेल भेजा जाएगा।