ऊंचाहार (रायबरेली)। क्षेत्र के राधाकृष्ण मंदिर में हुई चोरी की वारदात के खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमें लगाई गईं हैं। पुलिस के अलावा एसओजी टीम और क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है।
जिले के अलावा पुलिस आसपास के जनपदाें में चोरों की धरपकड़ के लिए सुराग जुटा रही है। पुलिस आठ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक घटना के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस जल्द वारदात का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है। मंदिर में यह तीसरी बार चोरी की घटना हुई है।
गोकना गांव स्थित राधाकृष्ण मंदिर में सोमवार रात चोर नदी की ओर से दीवार फांदकर छत के रास्ते अंदर घुस आए थे। मंदिर में रखी अष्टधातु की राधा, कृष्ण व लक्ष्मी की मूर्ति उठा ले गए थे।
चोरी गई मूर्तियों की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है। पुजारी हरिशंकर त्रिपाठी की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घटना की पड़ताल की। मंदिर से हुई चोरी का पर्दाफाश करने के लिए एसओजी, क्राइम ब्रांच, डलमऊ, गदागंज व जगतपुर कोतवाल की अगुवाई में पांच टीमें बनाई गई हैं।
मंगलवार रात पुलिस जिले के अलावा फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष, हुसैनगंज, नौबस्ता, पहाड़पुर व कौशांबी जनपद के कई गांवों में छापामारी की। पहली व दूसरी बार हुई चोरी की घटना में शामिल चोरों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस आसपास के जिलों में ज्वैलर्स कारोबारियों के भी संपर्क में है।
सीओ डलमऊ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि छापामारी की गई है। आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मूर्तियां बरामद की जाएंगी। घटना के खुलासा के लिए पांच टीमें लगाई गईं हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाएं हैं।