रायबरेली। जिले में शनिवार को होने वाले ब्लॉक प्रमुख पद के लिए चुनाव और मतगणना के दौरान सुरक्षा का कड़ा तामझाम रहेगा। हर ब्लॉक में डेढ़-डेढ़ सेक्सन पीएसी तैनात की जाएगी। यही नहीं मतदान केंद्रों पर 100-100 मीटर की दूरी पर दो बैरियर बनाए जाएंगे। तलाशी लेने के बाद ही वोटरों को मतदान केंद्रों के अंदर इंट्री दी जाएगी। पुलिस अफसर चुनाव को लेकर किसी तरह चूक नहीं चाहते हैं। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त बनाई गई है। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए होने वाले चुनाव और मतगणना के लिए सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया गया है। सुरक्षा की कमान अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव को सौंपी गई है। सभी सर्किल के सीओ अपने क्षेत्र के थानेदारों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखेंगे। चुनाव के दौरान किसी ने विवाद किया तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
क्यूआरटी रखेगी अराजकतत्वों पर नजर
ब्लॉक प्रमुख का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए हर ब्लॉक में अलग से एक क्यूआरटी बनाई गई है। क्यूआरटी में शामिल पुलिस कर्मी अराजकतत्वों पर नजर रखेंगे। यह क्यूआरटी टीम पूरे क्षेत्र में भ्रमणशील रहेगी। यदि किसी ने चुनाव में खलल डालने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकेगी।
इंस्पेक्टर या फिर तैनात होगा उपनिरीक्षक
मतदान के बाद मतगणना भी कराई जानी है। सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। मतगणना के दौरान किसी तरह का होहल्ला न हो सके, इसके लिए मतगणनास्थल के बाहर इंस्पेक्टर या फिर उपनिरीक्षक के हाथों में सुरक्षा की कमान दी गई है। मतगणनास्थल पर प्रत्याशी के साथ ही एजेंटों को अंदर इंट्री मिल सकेगी।
ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव और मतगणना के लिए सुरक्षा के सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। हर ब्लॉक पर डेढ़-डेढ़ सेक्सन पीएसी तैनात की जाएगी। अराजकतत्वों पर नजर रखने के लिए हर ब्लॉक पर क्यू्आरटी टीम बनाई गई है। चुनाव या फिर मतगणना में यदि कोई खलल डालता है तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक।