डीह (रायबरेली)। ब्लाक क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा जमाए लोगों को खंड शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को नोटिस भेजा। इसमें कहा गया है कि एक सप्ताह में विद्यालय की जमीन से अवैध कब्जा हटा लें, यदि ऐसा नहीं किया गया तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी शिवशंकर मिश्र ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय सरायं मानिक की जमीन की पैमाइश बीते वर्ष दिसंबर महीने में राजस्व व चकबंदी लेखपालों ने संयुक्त रूप से की थी। पैमाइश के दौरान पाया गया कि विद्यालय की भूमि के उत्तरी सिरे पर तीन लोगों ने छप्पर, गुमटी, पक्का कमरा व टिनशेड रखकर कब्जा किया हुआ है। विद्यालय की भूमि के दक्षिणी सिरे पर दो लोग कब्जा करके कृषि कार्य कर रहे थे।
उपजिलाधिकारी सलोन ने कब्जा हटवाने के निर्देश दिए थे। खंड शिक्षा अधिकारी ने अवैध कब्जेदारों को एक सप्ताह में विद्यालय की जमीन से अवैध कब्जा हटाने की नोटिस जारी की। कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर अवैध कब्जा नहीं हटाया गया तो थाने में मामला दर्ज कराया जाएगा। संवाद