रायबरेली। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के बरखापुर में आरडीए की ओर से बनवाए जा रहे 235 फ्लैटों का इसी माह आवंटन होगा। 17 फरवरी को फिरोज गांधी सभागार में लॉटरी के माध्यम से आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए लाभार्थियों को बुलावा पत्र भेजा जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी गरीबों को छत देने का प्रयास किया जा रहा है। शासन की मंशा पर शहर के बरखापुर में 500 फ्लैट बनवाने के लिए आरडीए ने जमीन खरीदी थी। आरडीए ने बिना बजट मिले ही 235 फ्लैट का निर्माण शुरू करा दिया था।
आरडीए ने पहली किस्त के रूप में 1.68 करोड़ की डिमांड की थी। शासन ने एक करोड़ रुपये रिलीज किए हैं। आरडीए की ओर से अब तक साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। करीब 70 प्रतिशत काम पूरा कराया जा चुका है।
अब आरडीए ने फ्लैटों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 17 फरवरी को फिरोज गांधी सभागार में लॉटरी होगी। इसके लिए सभी 235 लाभार्थियों को बुलावा पत्र भेजा जा रहा है।
दो लाख के फ्लैट में बेडरूम, लॉबी, किचन, स्नानघर व प्रसाधन
रायरबेली विकास प्राधिकरण की ओर से प्रस्तावित फ्लैटों में बेहतर सुविधाएं होंगी। इस कॉलोनी में सीवर, पेयजल, सड़क, प्रकाश आदि की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एक फ्लैट करीब 30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनाया जा रहा है। इसमें एक बेडरूम, लॉबी, किचन, स्नानघर और प्रसाधन होगा। गरीबों को साढ़े चार लाख रुपये की लागत के ये फ्लैट महज दो लाख रुपये में ही दिए जाएंगे।
बरखापुर में पहले चरण में 235 फ्लैटों का निर्माण लगभग पूरा होने वाला है। फ्लैटों के आवंटन का काम 17 फरवरी को फिरोजगांधी सभागार में लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए सभी लाभार्थियों को बुलावा पत्र भेजा जा रहा है।
बीपी मौर्या, सचिव, आरडीए