रायबरेली। मध्य भारत जोन का मुक्केबाजी मुकाबला रायबरेली में होगा। इसमें पांच प्रदेशों के 65 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। ये सभी खिलाड़ी अपने-अपने प्रांतों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता होंगे। तीन दिवसीय जोनल चैंपियनशिप की मेजबानी मिलते ही जिले में आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
भारतीय एमेच्योर मुक्केबाजी महासंघ के तत्वावधान में 18 से 20 जुलाई तक होने वाली जोन स्तर की प्रोफेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप की मेजबानी रायबरेली को मिली है। मध्य भारत मुक्केबाजी संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष ताबिश काजमी ने बताया कि चैंपियनशिप में दिल्ली, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी आएंगे।
अंडर-19 बालक वर्ग की इस चैंपियनशिप में हर प्रांत से राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले 13 खिलाड़ियों को प्रतिभाग करना है। इसलिए चैंपियनशिप में 65 खिलाड़ियों के बीच मुकाबले होंगे। शहर में जिला अस्पताल चौराहा के निकट स्थित रिफॉर्म क्लब को तीन दिवसीय चैंपियनशिप कराने के लिए आयोजन स्थल चिन्हित कर लिया गया है। अलग-अलग प्रांतों से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने के लिए आवासीय स्थल भी चयनित किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय मुकाबले के लिए चुने जाएंगे स्वर्ण पदक विजेता
मुक्केबाजी संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक, जोन स्तरीय चैंपियनशिप में जितने भी खिलाड़ी स्वर्ण पदक अर्जित करेंगे, उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। सभी जोन के मुकाबले होने के बाद राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप 31 जुलाई से 5 अगस्त के मध्य बिहार प्रांत में आयोजित होगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप सितंबर महीने में प्रस्तावित है, जो रूस में होगी। इसमें राष्ट्रीय स्तर के विजेता खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
मध्य भारत की कमान सुशील कटियार को
भारतीय एमेच्योर मुक्केबाजी महासंघ की दिल्ली स्थित कार्यालय में दो जुलाई को हुई बैठक में मध्य भारत जोन के पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। महासंघ के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा ने पूर्व कैबिनेट मंत्री सुशील कटियार को मध्य भारत मुक्केबाजी संघ का अध्यक्ष मनोनीत किया। रायबरेली जिले के ताबिश काजमी कार्यवाहक अध्यक्ष बनाए गए। ताबिश ने बताया कि महासचिव की जिम्मेदारी मनमोहन डबराल को मिली। बैठक में ही मध्य भारत की जोन स्तरीय चैंपियनशिप कराने का निर्णय लिया गया और इसकी जिम्मेदारी रायबरेली को मिली है। (संवाद)