रायबरेली/खीरों। खीरों सीएचसी में प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत के मामले में दोषी स्टाफ नर्स की संविदा को निरस्त करने के आदेश दिए गए हैं। महिला रोगियों से अभद्र व्यवहार के मामले में संबंधित चिकित्सक से डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने जवाब मांगा है। मामले में सीएमओ ने अधीक्षक को जवाब उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
खीरों सीएचसी में प्रसव के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई थी। मामले की जांच में स्टाफ नर्स दोषी मिली है। डीएम ने संबंधित नर्स पूर्णिमा की संविदा को समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। उधर, राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह के निरीक्षण में मिली शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। महिला मरीजों से अभद्र व्यवहार करने के मामले में आयोग की सदस्य के पत्र पर डिप्टी सीएम ने खीरों सीएचसी के संबंधित चिकित्सक से जवाब तलब किया है।
डॉ. इफ्तिखार अहमद को जवाब देने के लिए कहा गया है। इस संबंध में सीएमओ ने अधीक्षक को जवाब उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ डॉ. नवीनचंद्रा का कहना है कि खीरों सीएचसी में तैनात स्टाफ नर्स की संविदा को समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित चिकित्सक से जवाब मांगा गया है।