सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान मची भगदड़ में बुजुर्ग यात्री मोइनुद्दीन की मौत हो गई। पति के साथ हज करने गई पत्नी ने फोन पर इसकी सूचना परिवारीजनों को दी। गम के माहौल में परिवारीजन एक-दूसरे को ढांढस बंधा रहे हैं।
किला बाजार स्थिर बड़ा कुआं निवासी और शहर में एक ट्रांसपोर्ट में चालक मोइनुद्दीन (60) अपनी पत्नी परवीन बानो के साथ 26 अगस्त को हज यात्रा पर गए थे।
गुरुवार को हज यात्रा में भगदड़ हादसे की जानकारी पर हर कोई बड़े भाई और भाभी की खैर खबर लेने के लिए फोन मिलाने लगा, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
साथ गए लोगों से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। शुक्रवार सुबह परवीन बानो ने फोन पर पति मोइनुद्दीन की मौत की खबर दी। इससे परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
आस-पड़ोस के लोग भी एकत्रित हो गए। इस दौरान हर कोई सांत्वना देने में लगा रहा। शनिवार को सुबह भी घर पर लोगों को तांता लगा रहा। परिवारीजनों का कहना है कि पत्थर मारने के दौरान भाभी परवीन काफी दूर थी।
भगदड़ का शिकार मोइनुद्दीन पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनसे छोटे रियाजुद्दीन, अयाजुद्दीन, कुतबुद्दीन, ताजुद्दीन हैं।