पिकअप ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को कुचला, एक की मौत
निमंत्रण से लौटते समय हुआ हादसा, एक लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात पिकअप ने निमंत्रण से घर लौट रहे पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को एंबुलेंस से पीएचसी सलोन से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल एक युवक का जिला अस्पताल में चल रहा है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा सरायनाथ बैरमपुर निवासी राम कृपाल और दुबे का पुरवा निवासी लालजी अपने पुत्र करन के साथ साइकिल से शनिवार रात अइया का पुरवा रिश्तेदारी में एक निमंत्रण गए हुए थे। पुलिस के मुताबिक तीनों युवक निमंत्रण से वापस साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। एक साइकिल पर पिता-पुत्र, जबकि एक साइकिल पर रामकृपाल था। करहिया चौकी क्षेत्र के नहर चैराहा के पास प्रतापगढ़ से सलोन की तरफ आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने पिता-पुत्र समेत तीनों लोगों को चपेट में लेकर कुचल दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर एनएचआई की एंबुलेंस और डायल 112 मौके पर पहुँची। सभी घायलों को पीएचसी सलोन से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान करन की मौत हो गई, जबकि उसके पिता लालजी को ट्रॉमा सेंटर रिफर कर दिया गया। वहीं राम कृपाल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सलोन कोतवाल बृज मोहन सिंह ने बताया कि शनिवार रात हुई सड़क दुर्घटना में करन की मौत हो गई है। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।