रायबरेली। जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के चलते लोगों ने एक दिन में चार गुना अधिक पेट्रोल खरीद लिया। गत बृहस्पतिवार की रात 12 बजे तक जिले में 8.55 लाख लीटर पेट्रोल की बिक्री दर्ज की गई, जबकि इससे पहले रोजाना 2.54 लाख लीटर ही पेट्रोल बिक रहा था। अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शुक्रवार को स्टॉक में 13 लाख लीटर पेट्रोल और 10 लाख लीटर डीजल उपलब्ध है। ईंधन की कमी नहीं है, लेकिन लोग पंपों पर लाइन लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में जरूरतमंदों को भी पेट्रोल के लिए पंपों पर इंतजार करना पड़ रहा है।
रसोई गैस के बाद जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद लोग अफवाहों पर विश्वास कर रहे हैं। गत बृहस्पतिवार से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। यह स्थिति पिछले दो दिनों से बनी हुई है, जिससे आपूर्ति श्रृंखला पर अनावश्यक दबाव पड़ रहा है।
25 मार्च को 2.54 लाख लीटर पेट्रोल बिका था, लेकिन 26 मार्च को यह बिक्री अप्रत्याशित रूप से बढ़कर 8.55 लाख लीटर हो गई। यह वृद्धि सीधे तौर पर अफवाहों के कारण हुई, जिससे घबराहट में खरीदारी बढ़ गई। स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सामान्य रूप से ईंधन खरीदने की अपील की है।
इनसेट
जिले में डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता
कंपनी-ईधन उपलब्ध डीजल-पेट्रोल बिक्री स्टॉक में बचा
आईओसीएल डीजल 1079.000 381.000 698.000
आईओरसीएल पेट्रोल 1744.000 702.000 1042.000
बीपीसीएल डीजल 194.000 110.000 84.000
बीपीसीएल पेट्रोल 205.000 65.000 140.000
एचपीसीएल डीजल 248.000 120.000 128.000
एचपीसीएल पेट्रोल 191.000 80.000 111.000
एस्सार-नायरा डीजल 39.000 14.000 25.000
एस्सार-नायरा पेट्रोल 28.000 4.000 24.000
रिलायंस-जीओ डीजल 46.398 3.034 43.364
रिलायंस-जीओ पेट्रोल 17.237 3.411 13.826
कुल डीजल 1606.398 628.034 978.364
कुल पेट्रोल 2185.237 854.411 1330.826
नोट: पेट्रोल और डीजल की मात्रा किलोलीटर मेंं है। एक किलाेलीटर में एक हजार लीटर होता है।
इनसेट
जिले में डीजल और पेट्रोल की कमी नहीं है। लोग अफवाहों से बचें और जरूरत होने पर ही पेट्रोल पंपों पर पहुंचें। पंपों पर अनावश्यक भीड़ से जरूरतमंद लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अफवाहों में आकर डीजल और पेट्रोल घरों में जमा न करें। ऐसा मामला पकड़ में आने पर संबंधितों पर कार्रवाई हो सकती है।
उबैदुर्रहमान, जिला पूर्ति अधिकारी, रायबरेली