नसीराबाद में शोपीस बनी पानी की टंकी।
नसीराबाद (रायबरेली)। कस्बे में लोगों की समस्या को देखते हुए तीन वर्ष पहले टैंक टाइप स्टैंड पोस्ट (टीटीएसपी) लगाए गए थे। यह व्यवस्था होने के बाद कस्बा वासियों को राहत मिली, लेकिन तीन वर्ष में ही टीटीएसपी खराब होने लगे हैं। इससे लोगों को पीने का पानी दूर से लाने के मजबूर होना पड़ रहा है।
वार्ड नंबर 10 मोहल्ला सर्व धर्म नगर के आकिब अंसारी के घर के सामने लगा टीटीएसपी पिछले 10 दिन से खराब पड़ा है। मोहल्ले के लोगों को प्यास बुझाने के लिए करीब दो सौ मीटर दूर लगे हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों ने कई बार नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
इसी प्रकार, वार्ड नंबर 14 मोहल्ला मौर्य नगर में पप्पू के घर के सामने लगा टीटीएसपी भी एक सप्ताह से खराब पड़ा है। यहां भी लोगों को दूर पानी लाना पड़ रहा है। यही हाल वार्ड नंबर दो मोहल्ला डेला में मंशाराम की दुकान के सामने, पूर्व सभासद के घर के सामने व वार्ड नंबर एक लाला बाजार में तलिया के पास लगे टीटीएसपी का है, जो एक सप्ताह से खराब है।
सभासद अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत कर समस्या का समाधान कराने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। चेयरमैन मोहम्मद अली का कहना है कि अधिशासी अधिकारी का स्थानांतरण होने के बाद से नगर पंचायत में सभी काम बाधित हैं। जिन वार्डों में पेयजल समस्या है, वहां पर टैंकर भेजा जा रहा है।