जिला अस्पताल के पंजीकरण काउंटर के बाहर पर्चा बनवाने के लिए लगी भीड़।
रायबरेली। गर्म मौसम के कारण बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। 1750 से अधिक मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। 18 से अधिक मरीजों को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत पर भर्ती किया गया। सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ वाले मरीजों को भी भर्ती कराया गया।
बुधवार की सुबह से ही मरीजों को ओपीडी में कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्हें परचा बनवाने और दवा काउंटर पर घंटों इंतजार करना पड़ा। ओपीडी कक्षों के बाहर भी लंबी कतारें लगी रहीं। सबसे अधिक परेशानी परचा बनवाने में हुई। गर्म मौसम के चलते उल्टी, दस्त और बुखार के मामले बढ़े हैं।
रिंकू (35), पार्वती (62), साक्षी (10), कुसमा (40), अंशिका (3), सुषमा (35), शालू (25), अंजना (2), चांदनी (65), शमशेर (65), अवधेश (20) आदि मरीजाें को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। चिकित्सक डॉ. रुद्रांश मिश्रा ने बताया कि गर्मी में लोग एहतियात बरतें। गर्मी से बचाव करें। उन्होंने साफ पानी पीने और बासी भोजन से बचने की बात कही। सांस और सीने में दर्द के मरीजों को भी विशेष ध्यान देने की सलाह दी।