रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र मेें बीएससी की छात्रा को जिंदा जलाने के मामले में सोमवार को लोगों का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने शव रखकर हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के खिलाफ नारेबाजी की। बिटिया हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं..के नारे भी गूंजे और लोगों ने जमकर हंगामा किया।
सभी लोग हत्या आरोपियों को फांसी दिए जाने, सरकारी मदद दिलाने और शव को पोस्टमार्टम करने में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जानकारी होने पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस अफसरों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन बिटिया की हत्या से हर कोई आक्रोशित था। हाईवे जाम होने से आवागमन ठप हो गया। एंबुलेंस फंस गई।
दो घंटे बाद क्षेत्रीय विधायक के आश्वासन पर पीड़ित परिवार को मदद दिलाने और न्याय दिलाने के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला। बछरावां कस्बे की रहने वाली बीएससी की छात्रा की शुक्रवार को हत्या कर दी गई थी। रविवार रात छात्रा के शव के पोस्टमार्टम करने में चिकित्सकों की ओर से लापरवाही बरती गई। सोमवार तड़के करीब छह बजे छात्रा का शव घर पहुंचा तो लोग आक्रोशित हो उठे।
देखते ही देखते परिवारीजन और क्षेत्रीय लोग शव लेकर लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कस्बे के पास जाम कर दिया। सभी धरने पर बैठ गए। कुछ लोग तो विरोध में हाईवे पर लेट गए। सभी हत्या आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर फांसी देने व संवेदनहीन डॉक्टरों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व सुरक्षा दिलाए जाने की मांग कर रहे थे।
हाईवे पर बछरावां बस स्टॉप चौराहे पर शव को रखकर प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान समाजवादी पार्टी से पूर्व विधायक रामलाल अकेला भी प्रदर्शन में शामिल हो गए। बड़ी संख्या में लोगों ने शासन प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। क्षेत्रीय भाजपा विधायक रामनरेश रावत मौके पर पहुंचे और हत्या आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कराकर उन्हें कठोर सजा दिलाए जाने परिवार को आर्थिक सहायता व सुरक्षा तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराए जाने का आश्वासन देकर सभी को समझा-बुझाकर जाम को खुलवाया।
विधायक के आश्वासन के बाद परिवारीजन शव को घर लेकर गए, जहां पर पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने पहुंचकर परिवारीजनों से बातचीत की और उन्हें हत्या आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व सभी सहायता मुहैया कराए जाने का आश्वासन दिया। कस्बे के बांदा-बहराइच राजमार्ग पर बन्नावा गांव के निकट स्थित सार्वजनिक शवदाह स्थल पर हजारों की संख्या में कस्बे वासियों की उपस्थिति में परिवारीजनों द्वारा मृतक बिटिया का अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान वहां पर मौजूद हर किसी की आंखें भर आई। सभी में घटना को लेकर गम के साथ ही गुस्सा था। पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई, एसडीएम महाराजगंज विनय सिंह, एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी मौजूद रहे। दरिंदगी के साथ बछरावां की बिटिया को जिंदा जला देने की घटना से हर तरफ गुस्सा दिखा।
हर किसी का दिल दुख और आंखें आंसुओं से सराबोर है। जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह ने पीड़िता के घर पहुंचकर पीड़िता के परिवारीजनों को ढांड़स बंधाते हुए शीघ्र ही न्याय दिलाए जाने का आश्वासन देते हुए आर्थिक सहायता के रूप में एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया। बछरावां की बिटिया के साथ दरिंदगी और हैवानियत से कस्बे वासियों के साथ ही व्यापारियों में आक्रोश रहा।
सुबह से ही बछरावां का बाजार पूरी तरीके से बंद रहा। सभी परिवारीजनों को ढांड़स बंधाने घर की ओर दौड़ते रहे। घटना से आक्रोशित लोगों ने अपने अपने प्रतिष्ठान बंद रखें। यहां तक कि पान की गुमटी और होटल भी बंद रहे। कस्बा स्थित दयानंद पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुभाष चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही महाविद्यालय को भी बंद करा दिया गया।
बेटी के इंसाफ को लेकर धरने पर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक रामलाल अकेला अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहले से मौजूद थे। इसी बीच लोगों को समझाने बुझाने क्षेत्रीय भाजपा विधायक रामनरेश रावत भी मौके पर पहुंच गए। मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया। किसी बात को लेकर पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक में तू-तू मैं-मैं होने लगी है।
इसी बीच धक्का-मुक्की भी हो गई। आनन-फानन प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस हरकत में आई और दोनों को अलग किया गया। भाजपा विधायक रामनरेश रावत ने आरोप लगाया कि विपक्ष के इशारे पर पूर्व विधायक लाश पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि ऐसी दुख की घड़ी में सभी को पीड़ित परिवार के साथ होना चाहिए। वहीं पूर्व विधायक रामलाल अकेला का आरोप है कि इस सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं है। सत्ता की हनक और प्रशासन के सहयोग से लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है। जिले की पुलिस अपराध रोकने में पूरी तरह विफल है।
रायबरेली में सोमवार को बीएससी की छात्रा की हत्या के बाद बछरावां कस्बे में हाईवे पर इस तरह लेटकर व?- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली में सोमवार को बीएससी की छात्रा की हत्या के बाद बछरावां कस्बे में हाईवे इस पर जाम किए लोग?- फोटो : RAIBARAILY