अफसरों की उदासीनता का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। त्योहारों के मौसम गैस की किल्लत बढ़ती जा रही है। गुरुवार को सिविल लाइंस निकट स्थित एजेंसी में बुकिंग कैंसल होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित लोगों ने प्रशासनिक अफसर और एजेंसी संचालक के खिलाफ प्रदर्शन किया। धनतेरस, दीपावली, कार्तिक पूर्णिमा व भाई दूज जैसे महत्वपूर्ण पर्व होने से गैस उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ती जा रही है।
उपभोक्ताओं ने पहले से गैस बुक कराई, लेकिन अब दीपावली का त्योहार नजदीक है तो बुकिंग कैंसल की जा रही है। यह हाल ज्यादातर गैस एजेंसियों का है।
गुरुवार को सिविल लाइंस निकट स्थित गैस एजेंसी में पहुंचे उपभोक्ताओं ने पुरानी बुकिंग कैंसल होने पर जमकर हंगामा काटा। प्रशासनिक अफसरों के साथ ही एजेंसी संचालक के खिलाफ नारेबाजी की।
इससे एजेंसी में अफरा-तफरी का माहौल रहा। उपभोक्ता दिनेश मिश्रा, बृजमोहन, शंभु प्रसाद, आशु गुप्ता व चंद्र किशोर का कहना है कि गैस माह भर पहले बुक कराई थी। सिलेंडर की कौन कहे, पुरानी बुकिंग ही कैंसल कर दी गई।
वहीं राजेश सिंह, दिनेश कुमार, शोभित का कहना है कि 20 दिन पहले बुकिंग कराई थी, लेकिन अभी तक सिलेंडर घर नहीं पहुंचा। एजेंसी के चक्कर लगाने के बाद भी कुछ हासिल नहीं हो रहा है।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि पुरानी बुकिंग के आधार पर गैस नहीं मिली तो जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। जिला आपूर्ति अधिकारी वीआर अहिरवार ने बताया कि त्योहार में अक्सर गैस की मांग बढ़ जाती है।
इसलिए परेशानी हो रही है। कालाबाजारी रोकने के लिए गैस एजेंसियों के साथ ही होटलों में जांच की जाएगी। सब्सिडी सिलेंडरों का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा।