ओपीडी में रोगियों का इलाज करते चिकित्सक।
रायबरेली। मौसम में बदलाव और बेतहाशा गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। लोग बुखार और अन्य बीमारियों के साथ ऐंठन की समस्या की चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल के साथ ही सभी सीएचसी में 624 से अधिक बुखार के रोगी आए।
जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को बुखार, सांस लेने में समस्या, डायरिया, सर्दी और खांसी के मरीज पहुंचे। शरीर में ऐंठन के मरीज भी बढ़ रहे हैं। इमरजेंसी के अलावा ओपीडी में मरीज मांसपेशियों में ऐंठन, अधिक पसीना और चक्कर आने सहित अन्य समस्याएं भी बता रहे हैं। अकेले जिला अस्पताल में बुखार के 400 से अधिक मरीज पहुंचे।
जगतपुर सीएचसी में करीब 200 मरीज ओपीडी में पहुंचे। इसमें 80 से अधिक मरीज बुखार से ग्रसित रहे। ऊंचाहार, सलोन और डलमऊ में भी बुखार के ज्यादा मरीज इलाज कराने पहुंचे। जिला अस्पताल के ह्दय रोग विशेषज्ञ डॉॅ. सलीम का कहना है कि लंबे समय तक गर्मी के संपर्क में रहने से कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं। मांसपेशियों में दर्द के मरीज भी आ रहे हैं।
शरीर खुद को ठीक से ठंडा नहीं कर पाता तो इस तरह की समस्या आती है। इसका इलाज न कराने पर यह हीट स्ट्रोक में बदल सकता है। ऐसे में गर्मी के चपेट में आने से बचा जाए। खानपान पर भी ध्यान दिया जाए। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि ओपीडी में आने वाले मरीजों में बुखार, खांसी व जुकाम के साथ ही शरीर दर्द की समस्या ज्यादा रहती है। मौसम में कारण ऐसा हो रहा है। खानपान का विशेष रूप से ध्यान दें।
बचाव के लिए यह करें
गर्मी में एहतियात बरतने की जरूरत है। शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें। खीरा, ककड़ी, खरबूजे को खाने में शामिल करें। तली-भुनी चीजों के प्रयोग करने से बचें। धूम्रपान और तंबाकू के सेवन से बचें। स्नान जरूर करें। जरूरत हो तभी धूप में घर से बाहर निकलें।