जिला अस्पताल में दवा काउंटर पर लगी लाइन।
रायबरेली। तेज धूप व उमस से लोग बीमार हो रहे हैं। बुखार की चपेट में आने से जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत हो गई। सोमवार को बुखार, डायरिया और उल्टी दस्त से पीड़ित 17 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया। टीबी से ग्रसित एक मरीज को भर्ती कराया गया। ओपीडी कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी कतार लगी।
डीह क्षेत्र के इतहा गांव निवासी रामसमुझ (45) को गत रविवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। ठंड के साथ तेज बुखार होने से रामसमुझ की हालत नाजुक हो गई थी। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। इलाज के दौरान रात में मरीज की मौत हो गई।
सोमवार को बुखार और डायरिया के चपेट में आने के बाद नीतू (22), बिटूला (40), बिंदादीन (60), मधू (60), रजिया बानों (58), सियाराम (60), पुष्पा (58), रियांश (21), सजियाबानों (22), पूजा (45), छोटेलाल (52) समेत 17 से अधिक मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। क्षय रोग से हालत बिगड़ने के बाद भांव निवासी जबी को भर्ती कराया गया।
सोमवार को जिला अस्पताल में परचा बनवाने के लिए मरीज घंटों लाइन में लगे। दवा काउंटर पर भी मरीजों की लंबी लाइन लग गई। गर्मी अधिक होने के कारण लाइन में खड़े मरीज परेशान नजर आए। पैथोलॉजी में भी भीड़ होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।सीएमएस पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि मौसम गर्म है। ऐसे में लोग एहतियात बरतें। धूप में जरूरी हो तो ही निकलें। समस्या हो तो अस्पताल पहुंचकर चिकित्सीय सलाह जरूर लें।