कृष्णपुर ताला उपकेंद्र का घेराव करने के बाद अधिकारी को ज्ञापन देते उपभोक्ता। संवाद
सतांव। क्षेत्र के लोगों को बिजली संकट से राहत नहीं मिल पा रही है। दिन में फॉल्ट, तो रात में अघोषित कटौती से बिजली गुल रहती है। इससे खफा ग्रामीणों ने शुक्रवार को विद्युत उपकेंद्र ताला का घेराव किया।
सभी ने कटौती बंद किए जाने की मांग की। हंगामे की सूचना पर उपखंड अधिकारी अखिलेश कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से 11 सूत्री ज्ञापन लेकर समस्याएं दूर कराने का भरोसा दिया। इस पर ग्रामीण शांत हुए।
कोंसा ग्राम प्रधान गिरिजाशंकर लोधी, बबलू की अगुवाई में कृष्णपुर ताला, खगियाखेड़ा के ग्रामीण शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे उपकेंद्र पहुंचे। उपकेंद्र के कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाई। कहा कि 18 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है, लेकिन महज 10 से 12 घंटे बिजली मिल रही है। शाम होने पर अघोषित कटौती शुरू हो जाती है।
अभिषेक कुमार, शत्रोहन, शशांक, अनिल कुमार, विपिन रावत ने बताया कि दिन में फॉल्ट और कनेक्शन काटने के नाम पर बिजली बंद कर दी जाती है। इसके पहले बिजली कटौती बंद किए जाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे लोगों की नींद हराम हो रही है। बच्चे और बुजुर्ग सो नहीं पा रहे हैं।
ग्रामीणों ने जर्जर तार और खंभे बदलवाने की मांग की। कहा कि ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए, बिलिंग में गड़बड़ी दूर की जाए। नलकूप फीडरों को 10 की जगह 14 घंटे बिजली देने की मांग की। उपखंड अधिकारी के समझाने पर ग्रामीणों ने दोपहर एक बजे घेराव बंद कर दिया।