रायबरेली में रविवार को पीसीएस प्री-2015 की परीक्षा देते विद्यार्थी
- फोटो : अमर उजाला
पीसीएस-2015 की परीक्षा रविवार को जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में परीक्षा हुई। परीक्षा देने के बाद केंद्रों के बाहर निकले किसी अभ्यर्थी का चेहरा खिला मिला तो किसी का मुरझाया दिखा। सवालों को लेकर अभ्यर्थियों ने आपस में बात भी की।
परीक्षा में 10,448 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। पहली पाली में 7,136 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि दूसरी पाली में यह संख्या घटकर 7107 हो गई। दोनों पालियों में 3341 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
पीसीएस-2015 की परीक्षा जीआईसी, जीजीआईसी, एमजीआईसी, एनआईसी, वैदिक इंटर कॉलेज, वैदिक कन्या इंटर कॉलेज, चौधरी दीनदयाल पटेल इंटर कॉलेज, जीजीआईसी देवानंदपुर, गोपाल सरस्वती इंटर कॉलेज सहित 24 स्कूलों पर कड़ी सुरक्षा में हुई।
परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला। एडीएम प्रशासन एससी चौधरी ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक हो गई है। परीक्षा में 10,448 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। दोनों पालियों की परीक्षा में 7,107 अभ्यर्थी शामिल हुए। सुबह की पाली में 3312 और दूसरी पाली में 3341 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।