जिला अस्पताल के पीडियाट्रिक आईसीयू में मंगलवार को इलाज के लिए भर्ती बच्चे।
रायबरेली। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण लोग तेजी से बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। बुधवार को बुखार से बच्ची की मौत हो गई। 22 से अधिक मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। ओपीडी में भी सुबह से ही भीड़ रही। ब्लड की जांच कराने के लिए पैथोलॉजी में लंबी लाइन लगी।
महराजगंज क्षेत्र के पूरे तिवारी निवासी रागिनी (5) पुत्री सुरजन को गत सोमवार को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। बच्ची बुखार के साथ ही अन्य बीमारी से ग्रसित थी। मंगलवार को तड़के इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। इसके अलावा मंगलवार को बुखार के चपेट में आने के बाद प्रेमा देवी (60), अतुल कुमार (27), लाल सिंह (65), सपना (27), पुष्पा (30), निशा (30), सरोजनी (65), बबली (40), नीलम (24), जागृति (25), भोले (35), अफरोज (35), अंजू (33), चंद्र कुमारी (47), आस्था (7) आदि को भर्ती कराया गया।
उधर, ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। परचा बनवाने के बाद ओपीडी कक्षों के बाहर मरीजों ने बारी आने का इंतजार किया। मेडिसिन विभाग के साथ ही हॉर्ट रोग विभाग में सबसे ज्यादा भीड़ रही। दवा लेने के लिए भी मरीजों ने घंटों लाइन में लगकर इंतजार किया। ब्लड की जांच कराने के लिए पैथोलॉजी में भी भीड़ रही।
मेडिसिन विभाग के चिकित्सक डॉ. गौरव त्रिवेदी ने बताया कि मौसम बदल रहा है। ऐसे में लोग एहतियात बरतें। ठंड और कोहरे से बचने का प्रयास करें। इस मौसम को हल्के न लिया जाए। समस्या होने पर अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं।