शहर के रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म बदलने के लिए पटरियां पार करते यात्री।
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी हर रोज बढ़ रही है। ठंड भले ही शुरू हो चुकी है, लेकिन कोहरे का असर अभी नहीं दिख रहा है। इसके बावजूद ट्रेनों के विलंब से आने का सिलसिला हर रोज बढ़ता जा रहा है। इससे यात्रियों को कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। सोमवार को सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस व दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस ने तीन घंटे इंतजार कराया।
नई दिल्ली-धनबाद स्पेशल पौने दो घंटे, देहरादून-बनारस जनता मेल डेढ़ घंटे, धनबाद-नई दिल्ली स्पेशल व हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल सवा घंटे और चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस, कानपुर-प्रयागराज पैसेंजर, प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर व अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल एक घंटे विलंब से पहुंची। बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, जम्मू तवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस व प्रतापगढ़-दिल्ली पद्मावत एक्सप्रेस पौन घंटे और बनारस-देहरादून जनता मेल व पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस आधे घंटे देर से आई।
रविवार की रात प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर ने तीन घंटे, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस ने पौने दो घंटे और नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ने डेढ़ घंटे इंतजार कराया। कानपुर से प्रतापगढ़ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस व वाराणसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि सभी ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से आई हैं। जिले में किसी भी ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।