रायबरेली। मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडरों के लिए अधिक रेट की डिमांड के बाद भी अमेठी डीआरडीए ने एमएलसी की निधि से 25 लाख रुपये सीएमओ रायबरेली को उपलब्ध करवा दिए हैं। अब सीएमओ को शासन से तय रेट के हिसाब से 100 से अधिक सिलेंडरों की खरीद करनी है।
अमेठी के एमएलसी दीपक सिंह ने जिले में कोरोना सुरक्षा उपकरणों के लिए अपनी निधि से 25 लाख रुपये देने की स्वीकृति दी थी। सीएमओ रायबरेली ने एमएलसी की निधि से 100 डी टाइप जंबो सात जीबीएम कैपासिटी मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडर खरीद करने के लिए 25 लाख रुपये उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
लेकिन अमेठी में 20 हजार रुपये में मिलने वाले सिलेंडरों के रेट 25 हजार रुपये दिखाए जाने के कारण अमेठी डीआरडीए ने बजट देने से इंकार कर दिया था। हालांकि शासन से तय रेट पर ही सिलेंडर खरीद किए जाने की सहमति के बाद अमेठी डीआरडीए ने रायबरेली डीआरडीए को एमएलसी की निधि से 25 लाख रुपये उपलब्ध करवा दिए हैं।
अमेठी से निधि मिलने के बाद सीडीओ ने सीएमओ को 25 लाख रुपये भेजकर मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडरों की खरीद नियमानुसार करवाने के आदेश दिए हैं। बजट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जेम पोर्टल के माध्यम से मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडरों की खरीद की जाएगी। शासन से तय रेट से अधिक में किसी भी सामान की खरीद नहीं होगी। खरीद में पूरी पारदर्शिता के साथ ही मानकों को ध्यान में रखा जाता है।