राही क्षेत्र के बेंद चौकी के पास इस तरह से निकल रहे मिट्टी लदे ओवरलोड डंपर।
रायबरेली। राही ब्लॉक क्षेत्र में मिट्टी भरे ओवरलोड डंपर सड़कों की जान निकाल रहे हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर से कई बार लिखापढ़ी की गई, लेकिन परिवहन और खनन विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसके पहले रायबरेली-प्रयागराज हाईवे के चौड़ीकरण और गंगा एक्सप्रसेवे के निर्माण में करीब 80 सड़कें ध्वस्त हो गईं। इनकी मरम्मत नहीं कराई गई।
इस समय रिंग रोड के निर्माण के लिए मिट्टी भरे ओवरलोड डंपर सड़कों की जान निकाल रहे हैं। मुंशीगंज-डलमऊ राजमार्ग से दिन ओवरलोड डंपर निकल रहे हैं। इससे सड़क जगह-जगह टूट उखड़ गई हैं। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस समय रिंगरोड फेज टू का निर्माण कार्य चल रहा है। 22 किमी. लंबे रिंग रोड के निर्माण में करीब 80 से ज्यादा डंपर मिट्टी की ढुलाई में लगे हैं। मौजूदा समय में मुंशीगंज चौकी के पास से मिट्टी निकालकर रिंग रोड पर डाली जा रही है।
ओवरलोड डंपरों की जगह जगह-जगह सड़क उखड़ गई है। इस मार्ग से प्रतिदिन 10 हजार लोगों से ज्यादा लोगों का आवागमन रहता है। इसी तरह मटिहा मछेछर मार्ग, पूरे मिश्रन का पुरवा संपर्क मार्ग खस्ताहाल हो गए हैं। सड़क टूटने से आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीण समरजीत यादव, देवा, महावीर, आशुतोश चौधरी ने बताया कि डंपर में इतनी ज्यादा मिट्टी भरी जाती है कि पूरी सड़क पर गिरती है। इससे उड़ती धूल से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चंद कदम की दूरी पर चौकी के बगल पर खनन होता है, लेकिन पुलिस भी कोई ध्यान नहीं दे रही है। इससे लोगों में नाराजगी है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मोहित कुमार ने बताया कि ओवरलोड डंपरों के आवागमन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन को लिखापढ़ी की जाएगी।