रायबरेली कोतवाली में पकड़े गए आरापियों के पास से बरामद सामान।
रायबरेली। अंतरजनपदीय गांजा गिरोह के चार तस्करों को सोमवार रात पुलिस ने गिरफ्तार किया। तस्करों के पास से करीब 21 किलो (20 किलो 900 ग्राम) गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 4.20 लाख रुपये है। पुलिस का दावा है कि ये काफी समय से गांजा तस्करी कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ.यशवीर सिंह ने बताया कि रात दो बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि महराजगंज जाने वाले मार्ग पर कान्हा गोशाला के पास एक बोलेरो से गांजा ले जाया जा रहा है। सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह और एसओजी-सर्विलांस टीम ने बोलेरो को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 20 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से उड़ीसा प्रांत के बरगढ़ जिले के भेडेन थाना क्षेत्र के गठिया पाली पोस्ट पंपगा निवासी राकेश अग्रवाल उर्फ संजू, करन प्रधान, कदली पाली निवासी पांडेय बीसी और सुल्तानपुर जिले के लम्हुआ थाना क्षेत्र के मदनपुर पनिअर निवासी प्रखर सोनी को पकड़ा गया है। एसपी ने बताया कि पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा खरीदकर जनपद सुल्तानपुर में बेचने जा रहे थे। एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करके उन्हें जेल भेज दिया गया है।