रायबरेली। सावन माह शुरू हो गया है। माह का पहला सोमवार 14 जुलाई को पड़ेगा। कांवड़ यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार से रूट डायवर्जन शुरू हो जाएगा। कांवड़ यात्रा के रूटों पर भक्तों के खाने-पीने की वस्तुओं की शुद्धता को बरकरार रखने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने अभियान शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को 53 से अधिक होटलों, ढाबों व खाद्य पदार्थों की अन्य दुकानों का निरीक्षण कर संचालकों को चेताया गया। सभी दुकानों पर ग्राहक संतुष्टि फीडबैक के पंपलेट लगाए गए हैं। कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। जरूरी स्थानों पर रूट डायवर्जन किया गया तो खाने-पीने की दुकानों पर गुणवत्ता को दुरुस्त रखने के लिए अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ने लालगंज में कृष्णा स्वीट्स, बादशाह स्वीट्स, बाजपेयी स्वीट्स, बैसवारा होटल, शाइन होटल, सोमवंशी ढाबा, शर्मा एंड संस ढाबा के अलावा गेगासों में राज ढाबा, अंकित ढाबा सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
संचालकों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। किसी भी स्तर पर शिकायतें मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। प्रतिष्ठानों में ग्राहक संतुष्टि फीडबैक के पंफलेट चस्पा किए।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सौरभ उत्तम, शेफाली रस्तोगी, कंचन तिवारी आदि ने भी बछरावां, नसीराबाद, ऊंचाहार, महराजगंज, शिवगढ़ आदि स्थानों पर संचालित खाद्य पदार्थों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करके खामियों को खंगालते हुए संचालकों को कमियां दूर कराने के निर्देश दिए। अभिहीत अधिकारी डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि यह अभियान पूरे सावन माह में जारी रहेगा। शिकायतें मिलने पर संबंधित होटलों, ढाबों के खिलाफ कार्रवाई होगी।