रायबरेली। जिले में अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए गए 5539 मरीजों में से सोमवार तक मात्र 34 एक्टिव केस बचे हैं। दिनभर में टीम ने 2392 लोगों की जांच की जिनमें से तीन लोग संक्रमित मिले जबकि सात मरीज स्वस्थ होने के बाद घर पहुंच गए। सोमवार को जिले में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 97.38 प्रतिशत हो गई है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि सोमवार को जिले में 2392 लोगों की जांच टीमों ने जिले भर में की। जांच में मात्र तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले। पहले से संक्रमित सात मरीज स्वस्थ हो गए जिन्हें घर भेज दिया गया है। अब तक जिले में संक्रमित पाए गए 5539 मरीजों में से 5394 स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 111 मरीजों की संक्रमित होने के बाद मौत हो गई है। वर्तमान समय में 34 एक्टिव केस हैं।
उधर, जगतपुर सीएचसी में सोमवार को 67 लोगों की एंटीजन से जांच की गई। मदरेठिया मजरे कचौंदा मोहद्दीनपुर की गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। सीएचसी के डॉ. सुफैल अहमद ने बताया कि सुबह प्रसव पीड़ा से कराहते हुए महिला को अस्पताल लाया गया था। प्रसव कराने का पूरा प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। महिला को एल-2 हॉस्पिटल में शिफ्ट कराया गया है।