रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के 95 पदों पर तीन महीने से भी अधिक समय तक चली चयन प्रक्रिया के नतीजे अब सामने आए हैं। महज 33 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिन्हें विकास क्षेत्र आवंटित करते हुए तैनाती आदेश जारी कर दिए गए हैं। अभी भी 62 पद खाली हैं, जिन पर चयन के लिए जल्दी ही फिर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक सहयोगात्मक पर्यवेक्षण के लिए विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, हिंदी एवं सामाजिक अध्ययन विषय में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन का चयन करने के लिए तीन महीने पहले प्रक्रिया शुरू हुई थी। जिले में एक नगर क्षेत्र और 18 विकास क्षेत्र हैं। हर क्षेत्र में हर विषय के लिए पांच-पांच एआरपी चयनित होने थे। यानी कि कुल 95 पदों के लिए आवेदन मांगे गए।
लिखित परीक्षा, माइक्रो टीचिंग और साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरने के बाद धीरे-धीरे अभ्यर्थियों की संख्या घटती रही। हर चरण में 60 फीसदी से अधिक अंक लाने वाले ही सफल होते गए। अंतिम नतीजे सामने आए तो महज 33 अभ्यर्थी ही एआरपी बनने के काबिल मिले। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने सभी 33 चयनित अभ्यर्थियों को विकास क्षेत्र आवंटित करते हुए तैनाती आदेश जारी कर दिए हैं।
बीएसए ने सभी से कहा है कि दो दिन के भीतर मूल विद्यालय से कार्यमुक्त होकर समग्र शिक्षा के जिला परियोजना कार्यालय में कार्यभार ग्रहण कर लें। भले ही अभी महज 33 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं, लेकिन रिक्त रह गए 62 पदों के लिए जल्दी ही फिर चयन प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। इसके लिए विभागीय स्तर पर रूपरेखा तैयार की जा रही है।
सिर्फ राही ब्लॉक में भरे सभी पद
रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) 95 पदों के लिए 189 शिक्षकों ने आवेदन किया था। जांच के दौरान 19 आवेदन निरस्त हो गए थे। बाकी 170 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में भाग लेना था, जिनमें से 60 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। जिन 110 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, उनमें भी महज 59 लोग सफल हुए। माइक्रो टीचिंग में पांच लोग गैरहाजिर हो गए, जिससे साक्षात्कार के लिए 54 अभ्यर्थी बचे।
साक्षात्कार में भी एक अभ्यर्थी नहीं पहुंचा। इससे 53 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार हुए और उनके नतीजे आने के बाद 33 अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया। जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) दीपक कुमार ने बताया कि हिंदी व अंग्रेजी में 3-3, विज्ञान में 4, सामाजिक अध्ययन में 8, विज्ञान में 15 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। सभी विषयों में 19-19 अभ्यर्थियों को पद निर्धारित हैं।
रोहनिया और छतोह विकास क्षेत्र में सभी पद रिक्त हैं, वहीं राही विकास क्षेत्र में सभी पांचों पद भर गए हैं। सतांव में चार, अमावां व महराजगंज में तीन-तीन, बछरावां, खीरों, ऊंचाहार व सलोन में दो-दो, लालगंज, शिवगढ़, सरेनी, डलमऊ, डीह, जगतपुर, गौरा व नगर क्षेत्र में एक-एक पद भर सका है।