सरेनी (रायबरेली)। रोक के बाद भी जिले में हर्ष फायरिंग और शस्त्र प्रदर्शन धड़ल्ले से जारी है। गत गुरुवार की रात थाना क्षेत्र के बेमोरा गांव में तिलक समारोह के दौरान ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग हुई। इसकी चपेट में आने से एक युवक को गोली लग गई। उसको गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में घायल युवक के पिता की तहरीर पर एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
सरेनी थाना क्षेत्र के बेमोरा मजरे महेशखेड़ा गांव के रहने वाले हनुमान के लड़के सूरत का गत गुरुवार की रात तिलकोत्सव था। रात करीब 8.30 बजे तिलक की रस्में चल रही थी। इसी दौरान अवैध शस्त्रों से हर्ष फायरिंग होने लगी। इसकी चपेट में आने से क्षेत्र के ही सराय बेरिया खेड़ा गांव के जितेंद्र सिंह उर्फ रिंकू घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। युवक के घायल होते ही अफरातफरी मच गई।
ग्रामीणों ने युवक को तुरंत सीएचसी पहुंचाया, लेकिन हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में शुक्रवार को घायल युवक के पिता वीरेंद्र सिंह की तहरीर पर बेमोरा महेश खेड़ा गांव के राजबख्श उर्फ कल्लू सिंह के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। कोतवाल रावेंद्र सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
प्रधान के नाती का अवैध शस्त्र प्रदर्शन की फोटो वायरल
जगतपुर थाना क्षेत्र के हेवतहा नेवड़िया के प्रधान के नाती का एक फोटो वायरल हुआ है। फोटो में किसी बर्थडे पार्टी में युवक एक हाथ में बच्चे को लिए है और दूसरे हाथ से अवैध शस्त्र पकड़े है। हालांकि वायरल फोटो कई महीने पहले का बताया जा रहा है, लेकिन मामला संज्ञान में आने के बाद जगतपुर पुलिस सक्रिय हो गई है। जगतपुर कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि वायरल फोटो संज्ञान में आया है। युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।