शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बेकाबू ट्रक ने हाथ पकड़कर साथ जा रही दो बालिकाओं को कुचल दिया। इससे एक बालिका की मौत हो गई, जबकि दूसरी को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दोनों नित्यक्रिया के जा रही थीं, तभी हादसा हुआ। शुक्रवार को बालिका की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मचा है।
मनऊखेड़ा गांव निवासी अंजलि (6) पुत्री राजाराम और सोनाक्षी (5) पुत्री श्रीकिशन गुरुवार की सुबह एक दूसरे का हाथ पकड़कर नित्यक्रिया के लिए जा रही थी। जैसे ही सड़क पार करने लगी, हैदरगढ़ की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। इसमें अंजलि और सोनाक्षी घायल हो गईं।
सीएचसी शिवगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को सोनाक्षी की मौत हो गई। देर शाम घर शव पहुंचने पर कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने बताया कि सोनाक्षी की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है। दूसरी बच्ची अंजलि की भी हालत गंभीर बनी हुई है।