हरचंदपुर (रायबरेली )। थाना क्षेत्र में कंडौरा गांव के प्रधान शीतला प्रसाद लोधी के छोटे भाई विमल कुमार (25) की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह दुर्घटना का शिकार उस समय हुए, जब वह बाजार से घर लौट रहा था। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के सामने किसी वाहन ने टक्कर मार दी। उनको सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उनकी मौत हो गई।
हरचंदपुर कस्बे से सटा गांव कंडौरा है। ग्राम प्रधान का छोटा भाई पैदल हरचंदपुर कस्बे में लगी बाजार में खरीदारी करने आया था। सब्जी व अन्य सामान खरीदने के बाद वह घर जाने के लिए निकला, तभी चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
इससे वह गिर पड़ा, जब तक लोग चीख पुकार मचाते, तब तक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। प्रधान के एक अन्य भाई देशराज ने बताया कि घायल भाई को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एसओ राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।