रायबरेली। जिले में कड़ाके की ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है। रविवार को भी सर्दी से लोगों को कंपकंपी छूूटी। दोपहर बाद हल्की धूप निकली, लेकिन इससे लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल पाई। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया।
उधर, सदर कोतवाली क्षेत्र में ठंड से एक युवक की मौत हो गई। ठंड से मरने वालों की संख्या दो पहुंच गई है। जिस तरह मौसम का मिजाज है, उससे उम्मीद है कि अभी ठंड और लोगों को रुलाएगी।
रविवार को मौसम ने फिर करवट ली। सुबह के समय 3.7 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा से कंपकंपी का एहसास हुआ। दोपहर बाद आसमान कुछ साफ हुआ लेकिन हल्की धूप से राहत नहीं मिली।
पहले पहर तो रविवार की छुट्टी होने के बावजूद सर्द हवा के प्रकोप से लोग घरों में कैद रहे। सर्द हवा से पारा शनिवार की अपेक्षा एक डिग्री लुढ़ककर 19 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री कम रहा।
न्यूनतम तापमान भी 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। आर्द्रता अधिकतम 91 व न्यूनतम 72 फीसदी रही। नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि अगले 24 घंटे में आसमान साफ रहने की संभावना है।
लेकिन पछुआ हवा से ठंडक बरकरार रहेगी। रविवार का दिन होने के कारण सरकारी स्कूल बंद रहे। स्कूलों में छुट्टी पहले से ही थी। ऐसे में लोग सर्दी से बचने के लिए घरों में दुबके रहे और अलाव के इर्द-गिर्द ही रहे।
सदर कोतवाली क्षेत्र के खालसा चौक के पास एक युवक अचेतावस्था में पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब 18 वर्षीय युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
लोगों का कहना है कि ठंड से युवक की मौत हुई है। सदर कोतवाल अतुल सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि युवक की मौत ठंड से हुई है कि नहीं।