पुलिस ने शव पानी से बाहर निकलवाया। चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस घटना की छानबीन के साथ उसकी पहचान कराने में जुटी है।
क्षेत्र के चंदापुर गांव के पास से गुजरी नहर में सुबह करीब 65 वर्षीय वृद्धा का शव उधर से गुजर रही महिलाओं ने देखा तो चीख पुकार मचा दी। इस पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए।
कोतवाल कुलदीप तिवारी भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। शव से दुर्गंध आ रही थी।
वहीं चेहरे पर कई जगह चोट के निशान मिलने से ग्रामीणों ने हत्या कर शव नहर में फेंके जाने की आशंका जताई है। कोतवाल ने बताया कि मृतका के शरीर पर सफेद रंग का पेटीकोट और गेरुआ रंग की साड़ी है।
शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की गई, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। पड़ोसी जिलों से पता लगाया जा रहा है कि इधर कई दिनों में कोई वृद्धा गायब तो नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच की जा रही है।